कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 20 मई। कोंडागांव में खेल एवं आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में आज महत्वपूर्ण पहल करते हुए बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष और स्थानीय विधायक लता उसेंडी ने मंडी परिसर में 469.77 लाख रुपए के मिनी स्टेडियम निर्माण कार्य सहित 17 विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। कार्यक्रम में कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।
विधायक सुश्री उसेंडी ने सभी नागरिकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद इन्हें स्वच्छ, सुंदर एवं सुरक्षित बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि संसाधनों के अभाव में खिलाडिय़ों को कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, लेकिन मिनी स्टेडियम के निर्माण से उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने खिलाडिय़ों के लिए भविष्य में भी आवश्यक सुविधाएं विकसित करने की बात कही। विधायक ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा ईंधन बचत के लिए किए गए आह्वान का उल्लेख करते हुए नागरिकों से इसमें सहभागिता निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जिले में विकास कार्यों को गति मिली है तथा सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प के चलते आज बस्तर माओवाद मुक्त हो चुका है तथा वर्ष 2030 तक बस्तर संभाग को देश का सबसे विकसित संभाग बनाने का लक्ष्य रखा है।
नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल एवं उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी ने मिनी स्टेडियम को खेल प्रेमियों के लिए बड़ी सौगात बताते हुए कहा कि अब तक एक ही मैदान में विभिन्न खेल एवं अन्य गतिविधियों का आयोजन होने से कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधायक लता उसेंडी के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर मनोज जैन, अनिल अग्रवाल, दयाराम पटेल, संतोष पात्र, सोनामणि पोयाम, जितेंद्र सुराना, जैनेंद्र ठाकुर, अश्वनी पांडे, लक्ष्मी ध्रुव, ईना श्रीवास्तव, ननकी वैष्णव, ललित देवांगन, अमल बनर्जी, अशोक उसेंडी, महेंद्र यदु , चंद्रशेखर ठाकुर, अनीश यादव, नागेश देवांगन, विकास दुआ, बंटी नाग, शीतल पटेल, अविनाश सोरी, श्री आकाश नेताम, संतोष सिंह, धंसूदास उपस्थित रहे।


