कोण्डागांव

श्रमिक सम्मेलन में शामिल हुए विधायक, सामुदायिक भवन की घोषणा
18-May-2026 9:59 PM
श्रमिक सम्मेलन में शामिल हुए विधायक, सामुदायिक भवन की घोषणा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

केशकाल, 18 मई। विकासखंड बड़ेराजपुर अंतर्गत ग्राम पेंड्रावन में श्रमिक सम्मेलन का आयोजन किया गया, जहां क्षेत्रीय विधायक नीलकंठ टेकाम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। सम्मेलन में विधायक ने श्रमिकों के लिए 20 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा की। कार्यक्रम के दौरान श्रमिकों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए हेल्थ चेकअप शिविर भी लगाया गया तथा श्रमिक कार्ड बनाए गए।

 कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रमिक संघ के अध्यक्ष ने की। इस अवसर पर श्रमिक संघ की ओर से विधायक द्वारा सामुदायिक भवन की सौगात दिए जाने पर आभार व्यक्त किया गया। सम्मेलन में आसपास के क्षेत्रों से 150 से अधिक श्रमिक उपस्थित रहे। इसी क्रम में विधायक नीलकंठ टेकाम अपने दौरा कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायत बाड़ागांव पहुंचे, जहां प्रधानमंत्री आवास निर्माण के दौरान जमीन से प्रकट हुए भगवान शिवलिंग के दर्शन किए। उन्होंने क्षेत्र एवं ग्रामवासियों की सुख-समृद्धि के लिए पूजा-अर्चना कर प्रार्थना की।

  ग्रामवासियों को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि मंदिर निर्माण के लिए जितनी भी आर्थिक सहायता की आवश्यकता होगी, वह उनके द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में यह क्षेत्र पर्यटन के रूप में अपनी अलग पहचान बनाएगा।

 विधायक ने बताया कि क्षेत्र के निकट स्थित मांझीनगढ़, भारतमाला परियोजना के तहत बन रही सडक़ एवं टनल, तथा पेंड्रावन स्थित माता मंदिर इस क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण बनाएंगे। उन्होंने कहा कि पेंड्रावन माता मंदिर की ख्याति देश-विदेश तक फैली हुई है और यहां दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की मन्नतें पूरी होने की मान्यता है।

 इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष मनाराम मरकाम, भाजपा जिला मंत्री अंजोरी नेताम, रविंद्र पांडे, दुखा मरकाम, लखन नेताम, सुनील जैन, मालों नेताम, दलसाय परस्ते, भांजदेव वैद्य, बुधमन मरकाम सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट