कोण्डागांव
कोंडागांव में भी बंद रहेंगे मेडिकल स्टोर्स
कोंडागांव, 18 मई। ऑनलाइन दवा कारोबार के विरोध में अखिल भारतीय केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट संगठन के आह्वान पर 20 मई को देशव्यापी 24 घंटे की हड़ताल की जाएगी। इस बंद में छत्तीसगढ़ सहित कोंडागांव जिले के दवा व्यापारी शामिल हो रहे हैं।
कोंडागांव दवा विक्रेता संघ द्वारा इस हड़ताल का समर्थन किया गया है। इस संबंध में सोमवार शाम 4 बजे एसडीएम कार्यालय में एसडीएम अजय उरांव की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में आपातकालीन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सेवाओं में सहयोग बनाए रखने की अपील की गई।
दवा व्यापारियों का आरोप है कि ई-फार्मेसी कंपनियां बिना वैध प्रिस्क्रिप्शन के दवाओं की आपूर्ति कर रही हैं, जिससे नागरिकों के स्वास्थ्य पर विपरीत असर पड़ रहा है। व्यापारियों ने सरकार से ई-फार्मेसी के संचालन के लिए नियम बनाने और उसकी निगरानी करने की मांग की है।


