कोण्डागांव
कोंडागांव, 17 मई। कोंडागांव जिले के ग्राम पंचायत मड़ागांव के बावड़ी-मड़ागांव मार्ग पर स्थित फोटकी नाला में बारिश के दौरान जलभराव होने से कोंडागांव मुख्यालय से संपर्क प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, बारिश के समय नाला उफान पर आने से आवागमन बाधित हो जाता है, जिससे लोगों को दैनिक कार्यों, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य जरूरी जरूरतों के लिए परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि फोटकी नाला पर पुलिया निर्माण को स्वीकृति मिल चुकी है, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। उनका कहना है कि बरसात शुरू होने के बावजूद काम शुरू नहीं होने से समस्या बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, यह क्षेत्र कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप के विधानसभा क्षेत्र में आता है। शनिवार शाम ग्रामीणों ने एक वीडियो साझा कर शासन-प्रशासन से पुलिया निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की।
ग्रामीणों के मुताबिक, प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के तहत सडक़ का निर्माण किया गया है, लेकिन पुलिया नहीं बनने से मार्ग का पूरा उपयोग नहीं हो पा रहा है।


