कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 15 मई। कोण्डागांव जिले के धान उपार्जन केंद्र मुलमुला में धान खरीदी से जुड़े रिकॉर्ड में अनियमितता सामने आने के बाद प्रशासन ने समिति प्रबंधक समेत चार कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
खाद्य शाखा, कलेक्टर कार्यालय द्वारा जारी नोटिस के अनुसार 9 मई 2026 को हुई जांच में ऑनलाइन रिकॉर्ड और भौतिक सत्यापन के बीच अंतर पाया गया। जांच में 4936.17 क्विंटल धान की खरीदी रिकॉर्ड में दर्ज होने, लेकिन भौतिक सत्यापन में उपलब्ध नहीं मिलने की बात कही गई है। प्रशासन के अनुसार इससे शासन को 1.53 करोड़ से अधिक की आर्थिक क्षति होने का अनुमान है।
नोटिस में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के दौरान नियमों के उल्लंघन की बात कही गई है। मामले में समिति प्रबंधक गोविंद मंडल, खरीदी प्रभारी कुमंता पटेल, कंप्यूटर ऑपरेटर रीना कौशिक और बारदाना प्रभारी आकाश देवांगन से जवाब मांगा गया है।
प्रशासन ने संबंधित कर्मचारियों को निर्धारित समय सीमा में जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।


