कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 15 मई। जिला रोजगार कार्यालय में 954 पदों की पूर्ति हेतु प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष नरपति पटेल एवं पार्षद संतोष पात्र युवाओं के बीच पहुंचे तथा उनसे संवाद कर नियोजक संस्थाओं द्वारा भर्ती किए जा रहे पदों की जानकारी ली।
कलेक्टर श्रीमती पन्ना ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि करियर की शुरुआत में संघर्ष अवश्य रहता है, लेकिन पहली नौकरी से बहुत कुछ सीखने को मिलता है। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने अपने पहली नौकरी के बारे में बताते हुए युवाओं को प्लेसमेंट कैंप में अधिक से अधिक भाग लेकर उपलब्ध रोजगार अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
नगर पालिका अध्यक्ष श्री पटेल ने कहा कि कोई भी कार्य छोटा या बड़ा नहीं होता। पहली नौकरी के अनुभव भविष्य में बेहतर अवसरों का मार्ग प्रशस्त करता है, इसलिए युवाओं को ऐसे अवसरों का पूरा लाभ उठाना चाहिए।
रोजगार अधिकारी ने बताया कि गुरूवार को प्रात: 11 से सायं 3 बजे तक जिला प्रशासन एवं जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र कोण्डागांव के तत्वाधान में च्च्जिला स्तरीय रोजगार मेला च्च् का आयोजन किया गया, जिसमें निजी संस्थान द्वारा विभिन्न कुल 954 पदों पर भर्ती करने हेतु उपस्थित हुए।
उक्त मेला में कुल 147 आवेदन प्राप्त हुए।
जिसमें से कुल 128 आवेदकों का प्रारंभिक चयन कर कार्यस्थल पर ही कुल 48 आवेदकों का अंतिम चयन किया गया है।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर चित्रकांत चार्ली ठाकुर, तहसीलदार मनोज रावटे, रोजगार अधिकारी भगतराम ठाकुर, सहायक परियोजना अधिकारी पुनेश्वर वर्मा सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।


