कोण्डागांव

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय भवन कोंडागांव का चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा ने किया वर्चुअल भूमिपूजन व शिलान्यास
14-May-2026 11:05 PM
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय भवन कोंडागांव का चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा ने किया वर्चुअल भूमिपूजन व शिलान्यास

कोंडागांव, 14 मई। मुख्य न्यायाधिपति छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय बिलासपुर श्री न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा ने गुरुवार को वर्चुअल माध्यम से प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय भवन, कोंडागांव के निर्माण कार्य का भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया। कार्यक्रम मण्डी प्रांगण, कोंडागांव से लगे स्थल पर आयोजित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य न्यायाधिपति ने कहा कि राज्य के न्यायिक जिलों में न्यायिक अवसंरचना और बुनियादी सुविधाओं के विकास पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बेहतर अधोसंरचना और तकनीक से न्याय व्यवस्था से जुड़े हितधारकों तथा आम लोगों को लाभ मिलेगा। उन्होंने निर्माण कार्य को समयसीमा के भीतर और निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुसार पूरा करने की अपेक्षा जताई।

उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में जिला न्यायपालिका के बुनियादी ढांचे में सुधार के प्रयास किए गए हैं तथा आगे भी इस दिशा में कार्य जारी रहेगा।

गौरतलब है कि वर्ष 2013 में सिविल जिला बनने के बाद से प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय कोंडागांव जनपद पंचायत के पुराने भवन में संचालित हो रहा है। नए भवन के निर्माण के बाद न्यायालय को अपना स्थायी भवन उपलब्ध होगा। कार्यक्रम में न्यायमूर्ति संजय कुमार जायसवाल, न्यायाधिपति एवं पोर्टफोलियो न्यायाधीश, जिला कोंडागांव भी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश खिलावन राम रिगरी ने स्वागत उद्बोधन दिया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रेशमा बैरागी पटेल ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, केशकाल सोम्या राय ने किया।

इस अवसर पर जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश विक्रम प्रताप चंद्रा, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश (एफटीसी) प्रतिभा मरकाम, कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना, पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल, जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष दीपक ठाकुर, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, अधिवक्ता एवं न्यायालयीन कर्मचारी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट