कोण्डागांव

मजदूरों से अवैध वसूली का आरोप कलेक्टर-एसपी से जांच की मांग
14-May-2026 11:03 PM
मजदूरों से अवैध वसूली का आरोप कलेक्टर-एसपी से जांच की मांग

कोंडागांव, 14 मई। माकड़ी ब्लॉक में मजदूरों से पंजीयन और सरकारी योजनाओं के नाम पर कथित अवैध वसूली की शिकायत सामने आई है। राजमिस्त्री एवं मजदूर कल्याण संघ ने इस मामले में कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर जांच की मांग की है।

संघ द्वारा बुधवार दोपहर जारी विज्ञप्ति के अनुसार, शिकायत मंगलवार को सौंपी गई। शिकायत में ‘छत्तीसगढ़ मजदूर शक्ति संघ, बिलासपुर’ से जुड़े कुछ लोगों पर श्रमिकों से पैसे लेने का आरोप लगाया गया है।

ज्ञापन में कहा गया है कि ग्राम खुड़ी, धवड़ामाल और पीढ़ापाल के कुछ श्रमिकों से पंजीयन के नाम पर 500-500 रुपये लिए गए। वहीं कुछ लोगों से विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर अधिक राशि मांगे जाने का भी आरोप लगाया गया है।

शिकायत में यह भी आरोप है कि कुछ लोग स्वयं को श्रम विभाग का अधिकारी बताकर मोबाइल कैंप संचालित कर रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। राजमिस्त्री एवं मजदूर कल्याण संघ ने मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। प्रशासन की ओर से इस संबंध में फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।


अन्य पोस्ट