कोण्डागांव

पेट्रोल-डीजल की किल्लत, अधिकांश पेट्रोल पंप रहे सूखे
13-May-2026 10:13 PM
पेट्रोल-डीजल की किल्लत, अधिकांश पेट्रोल पंप रहे सूखे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 13 मई। जिले में पिछले तीन दिनों से पेट्रोल और डीजल की किल्लत लगातार बनी हुई है। मंगलवार को भी जिला मुख्यालय कोण्डागांव में अधिकांश ईंधन केंद्र सूखे नजर आए, जिससे वाहन चालकों और आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

जिले में हिंदुस्तान पेट्रोलियम, भारत पेट्रोलियम और इंडियन ऑयल के अधिकांश पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल उपलब्ध नहीं हो सका। केवल इंडियन ऑयल का दिनेश फ्यूल केंद्र सीमित मात्रा में ईंधन उपलब्ध करा रहा है। यहां दोपहिया वाहनों को अधिकतम 200 रुपये तक का पेट्रोल और डीजल वाहनों को अधिकतम 2,000 रुपये तक का डीजल दिया जा रहा है।

ईंधन की कमी के कारण कई वाहन मालिक बिना पेट्रोल-डीजल भरवाए ही वापस लौटते दिखाई दिए। दिनेश फ्यूल केंद्र पर सुबह से ही लंबी कतारें लगी रहीं और लोगों को तेज धूप में एक से डेढ़ घंटे तक इंतजार करना पड़ा।

मर्दापाल सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे उपभोक्ताओं ने बताया कि वे 30 किलोमीटर से अधिक दूरी तय कर केवल ईंधन भरवाने के लिए कोण्डागांव पहुंचे हैं। सभी पेट्रोल पंपों का चक्कर लगाने के बाद उन्हें एकमात्र स्थान पर सीमित मात्रा में ईंधन मिल पा रहा है।

 लगातार बनी इस स्थिति से आम नागरिकों, किसानों, परिवहन व्यवसायियों तथा दैनिक उपयोगकर्ताओं की चिंताएं बढ़ गई हैं।


अन्य पोस्ट