कोण्डागांव

नेशनल लोक अदालत में आपसी समझौते से पांच वर्ष पुराना प्रकरण समाप्त
11-May-2026 10:42 PM
नेशनल लोक अदालत में आपसी समझौते से पांच वर्ष पुराना प्रकरण समाप्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 11 मई। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायालय कोंडागांव में 9 मई को आयोजित नेशनल लोक अदालत में एक पुराने आपराधिक प्रकरण का आपसी समझौते के आधार पर निराकरण किया गया।

मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय में लंबित प्रकरण क्रमांक 887/2022 में शिकायतकर्ता पक्ष ने आरोप लगाया था कि आरोपी सुभाशिष दास उनके और उनके पिता के साथ गाली-गलौज तथा धमकी देता था। इस संबंध में वर्ष 2022 में थाना फरसगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, जिसके आधार पर न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया गया था।

न्यायालय के अनुसार, प्रकरण साक्ष्य के स्तर पर लंबित था। नेशनल लोक अदालत के पूर्व पक्षकारों की प्री-सिटिंग कर समझाइश दी गई थी। 9 मई को दोनों पक्षों को नोटिस जारी कर उपस्थित कराया गया, जहां खंडपीठ के पीठासीन अधिकारी, सदस्य और अधिवक्ताओं ने समझाइश दी।

न्यायालय की पहल पर आरोपी ने शिकायतकर्ता और उनके पिता से क्षमा मांगी तथा भविष्य में विवाद नहीं करने का आश्वासन दिया। इसके बाद दोनों पक्ष आपसी सहमति से राजीनामा के लिए तैयार हो गए और प्रकरण का निराकरण कर दिया गया।

प्रकरण के निराकरण के बाद खंडपीठ क्रमांक-03 के पीठासीन अधिकारी, सदस्य और अधिवक्ताओं द्वारा पक्षकारों को पौधे वितरित किए गए।


अन्य पोस्ट