कोण्डागांव

जनगणना कार्यों का निरीक्षण, अफसरों ने किया गणना ब्लॉकों का भ्रमण
10-May-2026 11:10 PM
जनगणना कार्यों का निरीक्षण, अफसरों ने किया गणना ब्लॉकों का भ्रमण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 10 मई। जनगणना 2027 के अंतर्गत जिले में संचालित जनगणना कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनगणना निदेशालय की ओर से नोडल अधिकारी संतोष मेढ़े, अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी देवेंद्र शोरी तथा सभी चार्ज अधिकारियों द्वारा जिले के विभिन्न गणना ब्लॉकों का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने फील्ड में कार्यरत प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों से चर्चा कर जनगणना कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। नोडल अधिकारी श्री मेढ़े ने जनगणना कार्य को सुव्यवस्थित, समयबद्ध एवं त्रुटिरहित ढंग से पूर्ण करने हेतु आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। साथ ही फील्ड में कार्य के दौरान आने वाली समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया।

उन्होंने कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसके माध्यम से विकास योजनाओं के निर्माण एवं क्रियान्वयन के लिए आवश्यक आंकड़े प्राप्त होते हैं। इसलिए इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। उन्होंने सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पूरी जिम्मेदारी एवं गंभीरता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।


अन्य पोस्ट