कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 9 मई। पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल के निर्देशन में कोंडागांव पुलिस द्वारा यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया।
पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान नो-एंट्री, रॉन्ग साइड, नो-पार्किंग और बिना हेलमेट वाहन चलाने जैसे मामलों में 29 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इन प्रकरणों में कुल 10,500 रुपये शमन शुल्क वसूला गया।
पुलिस ने बताया कि अभियान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपील चन्द्रा और उप पुलिस अधीक्षक सतीश भार्गव के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस टीम द्वारा चलाया जा रहा है।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करने, नाबालिगों को वाहन न चलाने देने, बिना नंबर वाले वाहन न चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने की अपील की है। पुलिस ने यह भी कहा कि मालवाहक वाहनों में सवारी न बैठाई जाए और नशे की हालत में वाहन न चलाया जाए। पुलिस के अनुसार, यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।


