कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 9 मई। शासकीय आदर्श आवासीय कन्या महाविद्यालय, कोण्डागाँव में 8 मई को विश्व रेड क्रॉस दिवस मनाया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य तिलकचंद्र देवांगन के मार्गदर्शन में कार्यक्रम का संचालन रेड क्रॉस प्रभारी शारदा मरकाम एवं कमलेश मरकाम द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती एवं रेड क्रॉस के संस्थापक हेनरी ड्यूनेंट के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर किया गया।
कार्यक्रम में रेड क्रॉस दिवस मनाने के उद्देश्य, हेनरी ड्यूनेंट की जीवनी, रेड क्रॉस की स्थापना तथा इसके महत्वपूर्ण योगदानों के बारे में जानकारी दी गई। छात्राओं को मानवता, करुणा, सेवा एवं जरूरतमंद लोगों की नि:स्वार्थ सहायता के लिए प्रेरित किया गया।
तत्पश्चात जिला अस्पताल, कोण्डागाँव में रेड क्रॉस दिवस के अवसर पर महिलाओं के स्वास्थ्य जांच एवं स्वैच्छिक रक्तदान हेतु विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें महाविद्यालय की छात्राएँ सम्मिलित हुईं तथा 35 छात्राओं ने स्वास्थ्य जांच कराई। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त स्टाफ एवं छात्राएँ उपस्थित रहीं।


