कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 7 मई। कोंडागांव पुलिस ने शराब पीने से मना करने पर पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी पति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान पीतम उर्फ प्रीतम कोर्राम (35) निवासी ग्राम चिपावंड डोंडियापारा, थाना व जिला कोंडागांव के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 5 मई को सिंगलु मंडावी निवासी चिपावंड डोंडियापारा ने थाना कोंडागांव में रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायतकर्ता ने बताया कि 30 अप्रैल को ग्राम खडक़ा के कुछ लोगों ने उसे सूचना दी कि उसका साला पीतम कोर्राम शराब के नशे में अपनी पत्नी सुखदई कोर्राम के साथ गाली-गलौज और मारपीट कर रहा था, जिससे वह बेहोश हो गई थी।
रिपोर्ट के अनुसार, शिकायतकर्ता मौके पर पहुंचा तो आरोपी वहां से भाग गया। इसके बाद पड़ोसियों की मदद से सुखदई कोर्राम को अस्पताल ले जाया गया। बाद में उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर के डीकेएस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 3 मई को उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में थाना कोंडागांव में अपराध दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत जांच शुरू की गई।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी शराब पीने को लेकर उसे ताना देती थी, जिससे वह परेशान हो गया था। उसने घर में रखे मोटे डंडे से अपनी पत्नी के सिर पर वार कर हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी को 5 मई को गिरफ्तार किया और 6 मई को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।