कोण्डागांव
कलेक्टर ने मकान गणना कार्य का लिया जायजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 4 मई। जनगणना 2027 के अंतर्गत जिले में प्रथम चरण का कार्य शुक्रवार से प्रारंभ हो गया है। इस चरण में मकान सूचीकरण एवं आवास गणना का कार्य किया जा रहा है, जो 01 मई से 30 मई 2026 तक चलेगा। कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना ने कोण्डागांव नगरपालिका क्षेत्र के महात्मा गांधी वार्ड में पहुंचकर मकान गणना कार्य का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने प्रगणकों से चर्चा कर कार्य की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने एचएलओ मोबाइल एप के माध्यम से दर्ज की जा रही सूचनाओं का अवलोकन करते हुए सटीक एवं तथ्यात्मक जानकारी संकलित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, इसलिए इसे पूरी पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ किया जाना चाहिए। उन्होंने प्रगणकों को यह भी निर्देशित किया कि प्रत्येक परिवार तक पहुंचकर सही जानकारी दर्ज करें, ताकि भविष्य की योजनाओं के निर्माण में इन आंकड़ों का प्रभावी उपयोग हो सके। उल्लेखनीय है कि जनगणना 2027 की प्रक्रिया दो चरणों में पूरी की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि जिले में जनगणना के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण और गणना कार्य को सफलतापूर्वक संपादित करने के लिए 1016 प्रगणक और 174 सुपरवाईजर को संलग्न किया गया है।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री चित्रकांत चार्ली ठाकुर, मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री देवेश चंदेल एवं श्री वेणुगोपाल राव सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


