कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 29 अप्रैल। नगर के जनपद प्राथमिक शाला परिसर में 2 मई शनिवार को मुस्लिम समाज जमात रज़ा-ए-मुस्तफा, केशकाल द्वारा एक नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर में रायपुर के आईएलएस हॉस्पिटल से आए अनुभवी एवं विशेषज्ञ डॉक्टर मरीजों की जांच और परामर्श देंगे।
यह शिविर सुबह 9.30 से दोपहर 3.30 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें हृदय, स्त्री रोग, अस्थि रोग, तंत्रिका, फेफड़ा, सामान्य रोग सहित विभिन्न बीमारियों के विशेषज्ञ डॉक्टर अपनी सेवाएं देंगे। ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों के लिए यह शिविर काफी उपयोगी साबित होगा।
अक्सर देखा जाता है कि गंभीर या विशेष जांच के लिए लोगों को रायपुर, जगदलपुर या कोंडागांव जाना पड़ता है, जिससे समय और आर्थिक बोझ दोनों बढ़ते हैं। ऐसे में स्थानीय स्तर पर इस तरह का स्वास्थ्य शिविर लगना बड़ी राहत की बात है।
शिविर में ये डॉक्टर देंगे सेवाएं- डॉ. प्रतीक पाण्डे - हृदय शल्य चिकित्सा, डॉ. मनीषा शर्मा - स्त्री रोग विशेषज्ञ, डॉ. राहुल शाह - अस्थि रोग विशेषज्ञ, डॉ. अमित जैन - तंत्रिका विज्ञान, डॉ. बालकृष्ण -पल्मोनोलॉजी, डॉ. प्रियंका खत्री - जनरल मेडिसिन, डॉ. धीरज प्रेमचंदानी - जीआई सर्जरी
इस पहल से खासकर उन लोगों को लाभ मिलेगा जो किसी कारणवश बड़े शहरों तक नहीं पहुंच पाते। शिविर के माध्यम से उन्हें विशेषज्ञ डॉक्टरों से सीधे परामर्श और प्राथमिक उपचार की सुविधा अपने ही क्षेत्र में उपलब्ध होगी। आयोजकों की यह पहल स्वास्थ्य सेवाओं को आम लोगों तक पहुंचाने की दिशा में एक सराहनीय कदम मानी जा रही है। नागरिकों से अपील की गई है कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस सुविधा का लाभ उठाएं और जरूरतमंदों तक इसकी जानकारी जरूर पहुंचाएं।


