कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 27 अप्रैल। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ राज्य मुख्यालय द्वारा रायपुर में राज्य स्तरीय हिमालय वुड बैज सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में यूनिट लीडरों (स्काउट मास्टर, गाइड कैप्टन, रोवर/रेंजर लीडर) को प्रशिक्षण पूर्ण करने पर प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
जिला कोंडागांव से ऋ षिदेव सिंह, चमन लाल शोरी, श्याम लाल कोर्राम, कोमल साहू और शैलेन्द्र सोनभद्र को हिमालय वुड बैज प्रदान किया गया। यह प्रमाण पत्र राज्य मुख्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा द्वारा प्रदान किया गया।
जानकारी के अनुसार, हिमालय वुड बैज एक प्रशिक्षण कार्यक्रम है, जिसे उन्नत कोर्स के बाद निर्धारित अवधि के प्रशिक्षण और कार्य पूर्ण करने पर दिया जाता है। इसका उद्देश्य नेतृत्व क्षमता और यूनिट प्रबंधन कौशल का विकास करना है।
इससे पहले जिले से संजना हरमिट, नीलम श्रीवास्तव और संगीता शोरी को भी यह सम्मान प्राप्त हो चुका है। जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान, विकासखंड शिक्षा अधिकारी जगमोहन भोयर, जिला संगठन आयुक्त भीषभदेव साहू प्रथम हिमालय बुड बैंज रोवर लीडर और अन्य पदाधिकारियों ने सम्मानित लीडरों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।


