कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 26 अप्रैल। कोंडागांव जिले के थाना केशकाल में दर्ज चोरी के एक मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी ने 19 अप्रैल को चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर अपराध क्रमांक 71/26 धारा 305, 331 (4) बीएनएस के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।
मामले की जांच के लिए पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल के निर्देश पर टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्र और अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओपी) केशकाल अरुण नेताम के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने जांच की।
पुलिस के अनुसार, तकनीकी साधनों की सहायता से संदिग्ध की पहचान की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी गोपाल थापा उर्फ गोपाल साउत (23 वर्ष), निवासी शांति नगर, जगदलपुर ने 16 अप्रैल की रात मुकेश पेट्रोल पंप, केशकाल के कार्यालय में घुसकर नगदी और एक मोबाइल फोन चोरी करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 9,120 रुपये नगद और एक मोबाइल बरामद किया है। आरोपी को 25 अप्रैल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल जगदलपुर भेज दिया गया।
पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।


