कोण्डागांव
कोंडागांव, 25 अप्रैल। कोंडागांव जिले के थाना फरसगांव क्षेत्र में दर्ज गुमशुदगी और अपहरण के दो मामलों में पुलिस ने एक नाबालिग बालक और एक महिला को बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 19 अप्रैल को एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका 16 वर्षीय पुत्र, जो धनोरा मेला घूमने गया था, लापता हो गया है। इस संबंध में थाना फरसगांव में धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
इसके अलावा, 22 अप्रैल को ग्रामीण ने अपनी पत्नी के 20 अप्रैल की रात से लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिस पर गुमशुदगी का मामला पंजीबद्ध किया गया।
पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा के मार्गदर्शन और अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओपी) फरसगांव अभिनव उपाध्याय के पर्यवेक्षण में, गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘मुस्कान’ और ‘तलाश’ के तहत कार्रवाई की गई।
थाना प्रभारी चंद्रशेखर श्रीवास के नेतृत्व में गठित टीम ने जांच के दौरान 16 वर्षीय बालक और महिला को 24 अप्रैल को बरामद किया।
पुलिस ने आवश्यक औपचारिकताओं के बाद दोनों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।


