कोण्डागांव

कालीबाड़ी मंदिर समिति एवं बंग समाज की पहल, समाज के मेधावी विद्यार्थियों को मिलेगा प्रोत्साहन
25-Apr-2026 10:45 PM
कालीबाड़ी मंदिर समिति एवं बंग समाज की पहल, समाज के मेधावी विद्यार्थियों को मिलेगा प्रोत्साहन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 25 अप्रैल । कालीबाड़ी मंदिर समिति एवं बंग समाज द्वारा समाज के मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने हेतु एक सराहनीय पहल की शुरुआत की गई है। ‘मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना’ के तहत वर्ष 2026 की 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।

योजना के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को क्रमश: 5000 एवं 3000 रु. की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी, साथ ही उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य बंग समाज के छात्रों में प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देना और शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना है।

कालीबाड़ी मंदिर समिति के अध्यक्ष प्रहलाद शील ने कहा कि शिक्षा समाज को मानसिक रूप से सशक्त बनाती है। इसी विचार के साथ बंग समाज के मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने बताया कि योजना के प्रथम चरण में चयनित छात्रों का सम्मान भी किया गया।

इस योजना को सफल बनाने में समिति एवं बंग समाज के पदाधिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिनमें बादल कर्मकार, आशुतोष साहा, डॉ. सिद्धार्थ चौधरी, मधुसूदन दास, अमल बसु राय, दुश्यंत ढाली, निखिल अधिकारी, प्रफुल्ल कुमार सेन, कनैया विश्वास, आकाश साहा, अजीत राय, गोविंद पाल, किरणमयी गुहाराय, सुकुमार साहा, अशोक राय सहित समस्त महिला समूह की सक्रिय भागीदारी रही।

समाज की इस पहल से विद्यार्थियों एवं अभिभावकों में उत्साह का माहौल है और उम्मीद जताई जा रही है कि यह योजना आने वाले समय में और अधिक विद्यार्थियों को प्रेरित करेगी।


अन्य पोस्ट