कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 24 अप्रैल। कोंडागांव नगर पालिका परिषद को नया मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) मिल गया है। देवेश सिंह चंदेल ने गुरुवार शाम पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया।
सीएमओ चंदेल ने कहा कि नगर पालिका में शत-प्रतिशत राजस्व (रेवेन्यू) संग्रह उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने बताया कि राजस्व बढ़ाने के लिए सभी संभावित स्रोतों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिससे नगर के विकास कार्यों को गति मिल सके।
वहीं उन्होंने नगर की साफ-सफाई व्यवस्था को दूसरी प्रमुख प्राथमिकता बताया। खासकर नेशनल हाईवे, नवीन बस स्टैंड और साप्ताहिक बाजार स्थल की नियमित एवं बेहतर सफाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वे स्वयं प्रतिदिन सुबह मॉर्निंग विजिट कर सफाई व्यवस्था का जायजा लेंगे और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके अलावा सीएमओ चंदेल ने नगरवासियों को जल आपूर्ति की शत-प्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित करने की बात भी कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि पेयजल से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए टीम को सक्रिय रखा जाएगा।
नए सीएमओ के पदभार संभालने के साथ ही नगर में प्रशासनिक सक्रियता और व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।


