कोण्डागांव

पृथ्वी दिवस पर कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम, कई स्पर्धाएं
23-Apr-2026 10:24 PM
पृथ्वी दिवस पर कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम, कई स्पर्धाएं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 23 अप्रैल। शासकीय गुण्डाधूर स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोंडागांव के भूगोल विभाग द्वारा विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण विषय पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरला आत्राम के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।

कार्यक्रम की अध्यक्षता इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. पुरोहित कुमार सोरी ने की। वनस्पति शास्त्र विभागाध्यक्ष शशिभूषण कन्नौजे मुख्य अतिथि तथा जन्तु शास्त्र विभागाध्यक्ष शोभा राम यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

इस अवसर पर प्राध्यापकों और भूगोल विषय के बी.ए. एवं एम.ए. के विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के अंतर्गत पोस्टर मेकिंग, मॉडल प्रदर्शनी, पीपीटी प्रस्तुति, वाद-विवाद, रंगोली और प्रश्न मंच प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विषय स्वच्छता और पृथ्वी संरक्षण से संबंधित रहे। विद्यार्थियों ने स्वच्छ पर्यावरण, प्लास्टिक उपयोग में कमी, कचरा प्रबंधन और हरित वातावरण पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. सोरी ने कहा कि पृथ्वी दिवस पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी समझने का अवसर है। शशिभूषण कन्नौजे ने स्वच्छता को पृथ्वी संरक्षण का महत्वपूर्ण उपाय बताया। शोभा राम यादव ने कहा कि स्वच्छ पर्यावरण स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है और पारिस्थितिक तंत्र का संरक्षण जरूरी है। भूगोल विभागाध्यक्ष समलेश पोटाई ने वृक्षारोपण, स्वच्छता और ऊर्जा के संतुलित उपयोग पर जोर दिया।

प्रतियोगिताओं के परिणाम इस प्रकार रहे— रंगोली: निकिता साहू (प्रथम), ज्योति मानिकपुरी (द्वितीय), दीपिका कुलदीप (तृतीय)।  मॉडल प्रदर्शनी: तनु नागेश (प्रथम), नंदनी देवांगन (द्वितीय), भूपेंद्र (तृतीय)।  वाद-विवाद: राजबत्ती मंडावी (प्रथम), कुसुम कोर्राम (द्वितीय), अमरबत्ती मरकाम (तृतीय)।  पोस्टर मेकिंग: पुष्पलता मरकाम (प्रथम), भूमिका मंडावी (द्वितीय), निहारिका कश्यप (तृतीय)।  प्रश्न मंच: रेणुका ठाकुर (प्रथम), अविता पोटाई (द्वितीय), परमेश्वरी (तृतीय)।

कार्यक्रम के अंत में एम.ए. भूगोल के विद्यार्थियों ने स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली।

कार्यक्रम का संचालन कुसुम पांडे और हरिचंद्र नेताम ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन जगतू राम नेताम ने किया।


अन्य पोस्ट