कोण्डागांव
कोण्डागांव, 22 अप्रैल। जिला कोण्डागांव में सीबीएसई पाठ्यक्रम संचालित विद्यालयों के कक्षा दसवीं के परीक्षा परिणाम 15 अप्रैल को घोषित हुए। जिले के 9 विद्यालयों से कुल 271 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें से 218 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। केंद्रीय विद्यालय एवं नवोदय विद्यालय का परिणाम शत-प्रतिशत रहा।
कक्षा दसवीं में 85 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले कुल 39 विद्यार्थियों को कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना के निर्देश पर 21 अप्रैल को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान के साथ जिला शिक्षा कार्यालय से सियाराम नेताम, अजय राठौर, गुलशन भरद्वाज, रविंद्र देवांगन एवं शीला शार्दूल सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी, संबंधित विद्यालयों के प्राचार्य एवं पालक उपस्थित रहे।
नवोदय विद्यालय कोण्डागांव की छात्रा वंदना कश्यप ने 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान हासिल किया। डीएवी बड़ेडोंगर की छात्रा प्रीति सरकार ने 94.40 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं डीएवी केशकाल की छात्रा वनशिखा खबास, चावरा हायर सेकेंडरी स्कूल कोण्डागांव के छात्र अयान जयसवाल तथा नवोदय विद्यालय के छात्र देवव्रत सोम ने 94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया। अधिकारियों ने सभी सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


