कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 22 अप्रैल। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के राज्य मुख्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा के बस्तर प्रवास के दौरान 21 अप्रैल को कलेक्टर सभागार कोंडागांव में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कोंडागांव जिले में संचालित स्काउट-गाइड गतिविधियों की समीक्षा की गई। कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत के साथ हुई। इस अवसर पर राज्य मुख्य आयुक्त और अन्य अतिथियों का स्वागत जिला पदाधिकारियों द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के दौरान 19वीं राष्ट्रीय जंबूरी (लखनऊ, उत्तर प्रदेश) में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। साथ ही अतिथियों को स्थानीय शिल्प आधारित स्मृति चिन्ह भेंट किए गए।
बैठक में राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाले शिविरों, सत्र 2025-26 के अंशदान एवं पंजीयन, विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों, रैलियों और गतिविधियों की जानकारी प्रस्तुत की गई। इसके अलावा जिले में स्काउटिंग-गाइडिंग से जुड़े संस्थानों की स्थिति पर भी चर्चा की गई।
राज्य मुख्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा ने संबोधित करते हुए स्काउट्स और गाइड्स से समाज और राष्ट्रहित में कार्य करने की बात कही।
कार्यक्रम का संचालन ऋषिदेव सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिला एवं ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी, स्काउटर-गाइडर, रोवर-रेंजर और अन्य सदस्य उपस्थित रहे।


