कोण्डागांव

डीएमएफ शासी परिषद् की बैठक, विकास कार्यों के लिए करोड़ों के कार्ययोजना को मिली मंजूरी
22-Apr-2026 10:12 PM
डीएमएफ शासी परिषद् की बैठक, विकास कार्यों के लिए करोड़ों के कार्ययोजना को मिली मंजूरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 22 अप्रैल। जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) की शासी परिषद् की बैठक मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में संपन्न हुई। बैठक में कांकेर सांसद भोजराज नाग, केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम उपस्थित रहे, वहीं वन मंत्री केदार कश्यप, बस्तर सांसद महेश कश्यप तथा बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक लता उसेंडी ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुईं।

बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिले के विभिन्न विकास कार्यों हेतु करोड़ों रुपए के कार्ययोजना को स्वीकृति दी गई। साथ ही इस राशि का उपयोग शिक्षा, स्वास्थ्य सहित जिले के समग्र विकास कार्यों में प्राथमिकता से करने पर जोर दिया गया। इस अवसर पर कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीमाल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

कांकेर सांसद  भोजराज नाग ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा डीएमएफ राशि के उपयोग हेतु खनन क्षेत्र से 15 से 25 किलोमीटर का दायरा निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि खनन प्रभावित क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए इस राशि का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए, जिससे दूरस्थ गांवों में गुणवत्तापूर्ण विकास कार्य हो सकें। बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप ने शासन की मंशा के अनुरूप डीएमएफ राशि का पारदर्शी और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा एवं बुनियादी सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता देने की बात कही।

कोंडागांव विधायक लता उसेंडी ने बढ़ती गर्मी को देखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल समस्या के समाधान हेतु भूजल स्तर बढ़ाने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने का सुझाव दिया। उन्होंने छोटे जलाशयों के निर्माण तथा विद्यालयों में शौचालय की समस्या के समाधान हेतु भी राशि के उपयोग पर जोर दिया। केशकाल विधायक श्री नीलकंठ टेकाम ने जनपद पंचायतों में श्रमिकों के लिए विश्रामगृह निर्माण, जर्जर एवं किराए के भवनों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए नए भवन निर्माण तथा लेम्प्स गोदाम सहित अन्य आवश्यक कार्यों में राशि के उपयोग का सुझाव दिया।

कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने जानकारी दी कि जिले में खनन क्षेत्र नहीं होने के बावजूद अन्य जिलों के खनन क्षेत्रों से कोंडागांव जिले के 85 ग्राम प्रभावित हैं। उन्होंने डीएमएफ अंतर्गत शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पशुपालन से संबंधित प्रस्तावित कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।

बैठक में शासी परिषद के नामांकित सदस्यगण जिला पंचायत सीईओ  अविनाश भोई, अपर कलेक्टर चित्रकांत चाली ठाकुर, एसडीएम  अजय उरांव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट