कोण्डागांव

विचाराधीन बंदियों के मामलों की समीक्षा के लिए बैठक
16-Apr-2026 9:10 PM
 विचाराधीन बंदियों के मामलों की समीक्षा के लिए बैठक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 16 अप्रैल। वर्ष 2026 के अंतर्गत अंडर ट्रायल रिव्यू कमेटी की दूसरी बैठक कोंडागांव में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोंडागांव के अध्यक्ष खिलावन राम रीगरी ने की।

बैठक में कलेक्टर कोंडागांव नुपूर राशि पन्ना, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गायत्री साय, डिप्टी कलेक्टर नारायणपुर दुश्यंत कृतिमान कौशले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोंडागांव कपिल चंद्रा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नारायणपुर ऐश्वर्य चंद्राकर, उप-जेल अधीक्षक केंद्रीय जेल जगदलपुर मधु सिंह, सहायक उप-जेल अधीक्षक नारायणपुर संजय नायक और लीगल एड डिफेंस काउंसिल कोंडागांव से प्रभा मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में जेलों में निरुद्ध विचाराधीन बंदियों के मामलों की समीक्षा की गई। इसमें बंदियों के प्रकरणों की समय-समय पर समीक्षा, आवश्यक होने पर रिहाई में सहायता तथा संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत मामलों के शीघ्र निराकरण पर चर्चा की गई।

कमेटी द्वारा विभिन्न प्रकरणों की समीक्षा करते हुए ऐसे मामलों पर ध्यान दिया गया, जो लंबे समय से विचाराधीन हैं या जिनमें विधिक सहायता अथवा त्वरित सुनवाई की आवश्यकता है। पात्र बंदियों को जमानत, रिहाई या अन्य वैधानिक लाभ दिलाने के संबंध में आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।

बैठक में यह भी कहा गया कि विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से बंदियों को नि:शुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। अधिकारियों को लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण के लिए समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए।

आगे भी इस प्रकार की समीक्षा बैठकें नियमित रूप से आयोजित करने की बात कही गई, ताकि विचाराधीन बंदियों से जुड़े मामलों की निगरानी जारी रखी जा सके।


अन्य पोस्ट