कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 14 अप्रैल। साहू समाज की आराध्य देवी माँ तेलिन सत्ती (केशकाल घाटी) के महोत्सव को लेकर ईको पर्यटन केंद्र टाटामारी, केशकाल में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
बैठक में प्रमुख रूप से डॉ. नीरेंद्र साहू (प्रदेश अध्यक्ष, साहू संघ रायपुर), गोपाल साहू (कोषाध्यक्ष), शशिकांत साहू (प्रदेश संयोजक, युवा प्रकोष्ठ), हर्ष साहू (महासचिव, युवा प्रकोष्ठ), जिलाध्यक्ष राजेश साहू, पूर्व संयुक्त सचिव गिरजाशंकर साहू, कोंडागांव महासचिव अशोक साहू, कांकेर से टी.आर. साहू, ओमप्रकाश साहू, धन्नू साहू, शिव प्रसाद साहू तथा केशकाल से राजेंद्र साहू, महेश साहू, नगर साहू समाज केशकाल उपाध्यक्ष देव कुमार साहू सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत माँ कर्मा की पूजा-अर्चना एवं आरती के साथ की गई। इसके पश्चात माँ तेलिन सत्ती महोत्सव के सफल आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में सामाजिक विकास, संगठन की मजबूती एवं अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि माँ तेलिन सत्ती महोत्सव का आयोजन 17 मई को किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के माननीय मुख्यमंत्री सहित साहू समाज के सभी विधायक, मंत्री एवं सांसदों को आमंत्रित किया जाएगा। साथ ही बस्तर संभाग के सभी जनप्रतिनिधियों एवं तेलिन सत्ती माता के पुजारियों को भी कार्यक्रम में शामिल होने हेतु आमंत्रण भेजा जाएगा।
बैठक में बस्तर संभाग के सभी जिलों के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी बड़ी संख्या में शामिल हुए और आयोजन को भव्य एवं सफल बनाने का संकल्प लिया गया।


