कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 11 अप्रैल। 188वीं बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) द्वारा 9 अप्रैल को मुख्यालय चिकलपुट्टी में शौर्य दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर वीर जवानों के पराक्रम को याद किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत कमांडेंट भवेश चौधरी द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग-30 स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद सैनिक सम्मेलन का आयोजन हुआ, जिसमें जवानों को संबोधित किया गया।
इस अवसर पर कमांडेंट भवेश चौधरी ने 9 अप्रैल 1965 को कच्छ का रण में हुए ऐतिहासिक संघर्ष का उल्लेख किया।
उन्होंने बताया कि सरदार पोस्ट पर तैनात सीआरपीएफ जवानों ने पाकिस्तानी सेना के बड़े हमले को विफल कर अद्वितीय साहस का परिचय दिया था।
शौर्य दिवस के अवसर पर वीरता पदक प्राप्त जवानों तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही जवानों को भविष्य में बेहतर कार्य के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर नीतीन्द्र नाथ द्वितीय कमान अधिकारी, कमल सिंह मीणा उप. कमा., ओमप्रकाश विश्नोई सहा.कमा., बन्ना राम सहा.कमा, अमर सिंह मीणा सहा.कमा. एवं अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में जवान उपस्थित रहे।


