कोण्डागांव

ओवरटेक करने पर करता था पत्थर से हमला, बाइक सवार की मौत, आरोपी गिरफ्तार
10-Apr-2026 10:03 PM
ओवरटेक करने पर करता था पत्थर से हमला, बाइक सवार की मौत, आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 10 अप्रैल। जिले में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां अपने अजीब सनकी शौक के चलते पत्थरबाजी करने वाले एक युवक ने बाइक सवार की जान ले ली। माकड़ी थाना पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, गम्हरी निवासी मेहन्दु मरकाम  अपने साले और साले की पत्नी के साथ मोटरसाइकिल से बालोंड से भतवा लौट रहे थे। शाम करीब 7.30 बजे बागबेड़ा और खुड़ी गांव के बीच अज्ञात बाइक सवार ने उन पर ईंट से प्राणघातक हमला कर दिया। इस हमले में मेहन्दु मरकाम के सीने में गंभीर चोट आई और इस घटना में उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए माकड़ी थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने संदेही धनीराम मंडावी खुड़ी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि जब कोई बाइक सवार उसे ओवरटेक करता था, तो वह आवेश में आ जाता था और पत्थर या ईंट से हमला कर देता था। इस तरह की वारदात को वह अपना शौक बताता है और पहले भी कई लोगों को निशाना बना चुका है। इसी सनक में उसने इस बार भी हमला किया, जिससे मेहन्दु मरकाम की जान चली गई।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट