कोण्डागांव

बिजली की समस्या, फसलें सूख रही, किसानों ने दी आंदोलन की चेतावनी
10-Apr-2026 10:01 PM
बिजली की समस्या, फसलें सूख रही, किसानों ने दी आंदोलन की चेतावनी

कलेक्टर ने लिया जायजा, अफसरों को लगाई फटकार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

केशकाल, 10 अप्रैल। केशकाल विधानसभा क्षेत्र में इन दिनों बिजली की गंभीर समस्या ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। लगातार लो वोल्टेज के चलते किसानों की फसलें सूख रही हैं और सिंचाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि किसान अब सडक़ों पर उतरने को मजबूर हो गए हैं और आंदोलन की चेतावनी दे रहे हैं।

जामगांव में बन रहा 132 केवी सब स्टेशन, जो क्षेत्र को राहत देने के उद्देश्य से शुरू किया गया था, अब लोगों के गुस्से की वजह बन गया है। निर्माण कार्य की धीमी गति ने इस परियोजना पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कछुआ गति के जल से निर्माण कार्य हो रहा है जिसकी वजह से क्षेत्र के लोगों को सही समय पर बिजली नहीं दे पा रहे हैं ।

बढ़ते जनाक्रोश के बीच कोंडागांव कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना खुद केशकाल पहुंचीं और निर्माणाधीन सब स्टेशन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई और सख्त निर्देश दिए कि हर हाल में बारिश से पहले काम पूरा किया जाए।

लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी - कलेक्टर

कलेक्टर ने साफ कहा कि यह प्रोजेक्ट किसानों और आम जनता के लिए बेहद जरूरी है। लो वोल्टेज की समस्या सीधे खेती-किसानी को प्रभावित कर रही है, इसलिए किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ काम करने की हिदायत दी।

 इस मामले पर मीडिया ने बिजली विभाग के अधिकारियों से जवाब लेने की कोशिश की, तो अधिकारी कैमरे के सामने आने से बचते नजर आए।


अन्य पोस्ट