कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 10 अप्रैल। कोण्डागांव जिले के कोंगेरा गांव में देवगुड़ी निर्माण के दौरान मलबे में दबने से मजदूर की मौत हो गई। घटना सिटी कोतवाली कोण्डागांव अंतर्गत कोंगेरा गांव में बीती शाम को घटी।
जानकारी अनुसार, कोंगेरा गांव में देवगुड़ी का निर्माण कार्य चल रहा है। गुरुवार शाम छत की ढलाई के बाद नीचे लगे सेंट्रिंग को हटाने और सफाई का कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान दुर्योधन ठाकुर पिता रामसिंग ठाकुर निवासी अरंडी थाना केशकाल अपने साथी जंतु यादव पिता बृजलाल यादव के साथ काम कर रहा था। सेंट्रिंग हटाने के दौरान अचानक ऊपर से मलबा गिर गया, जिसकी चपेट में आने से दुर्योधन ठाकुर दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
शुक्रवार को घटना की जानकारी मिलते ही सिटी कोतवाली कोण्डागांव पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है तथा हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।


