कोण्डागांव
कोंडागांव, 9 अप्रैल। जिले के अनंतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मालगांव में आयोजित वार्षिक मेले में जुआ खेलने का मामला सामने आया है। जुए का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि मेला स्थल पर कुछ लोग ‘खुडखुडिय़ा’ नामक खेल के माध्यम से रुपए का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दो व्यक्तियों को जुआ खेलाते हुए पकड़ा।पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम अरविंद नेताम (30 वर्ष) और नीलु सोरी (24 वर्ष), दोनों निवासी मालगांव थाना अनंतपुर जिला कोंडागांव बताया। आरोपियों के कब्जे से जुआ खेलने में प्रयुक्त सामग्री, जिसमें खुडखुडिया गोटा, झंडा-मुंडा चार्ट, टोकनी और प्लास्टिक चटाई शामिल हैं, जब्त की गई।
इसके अलावा मौके से 970 रुपये नगद तथा तलाशी के दौरान एक आरोपी के पास से 200 रुपये बरामद किए गए। कुल 1170 रुपये जप्त कर आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 03 के तहत विधिवत कार्रवाई की गई।


