कोण्डागांव

अपराध नियंत्रण पर विशेष क्राइम मीटिंग
09-Apr-2026 10:34 PM
अपराध नियंत्रण पर विशेष क्राइम मीटिंग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 9 अप्रैल। कोण्डागांव जिले में कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने और अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस विभाग द्वारा विशेष अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल ने सभी पुलिस अनुविभागीय अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ बैठक लेकर लंबित मामलों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि थाना स्तर पर प्राप्त सभी शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया जाए। असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए विजिबल पुलिसिंग बढ़ाने पर जोर दिया गया।

उन्होंने लंबित प्रकरणों में शीघ्र चालान प्रस्तुत कर त्वरित न्याय सुनिश्चित करने, सोशल मीडिया की निगरानी बढ़ाने और अफवाहों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही विवेचना की गुणवत्ता सुधारकर न्यायालय में दोषसिद्धि दर बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने को कहा।

बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि लंबे समय से लंबित मामलों के निराकरण के लिए विशेष अभियान चलाया जाए तथा समन और वारंट की शत-प्रतिशत तामिली सुनिश्चित की जाए।

फरियादियों के साथ मित्रवत व्यवहार रखते हुए उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान करने पर भी जोर दिया गया।

पुलिस अधीक्षक ने साइबर क्राइम, बैंक व एटीएम फ्रॉड तथा यातायात नियमों के प्रति जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में चलित थाना और सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने तथा सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन पेट्रोलिंग और चेक पोस्ट के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने को कहा गया।

इस बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा सहित जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी एवं थाना/चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट