कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 8 अप्रैल। कोंडागांव जिले में प्रशासनिक बदलाव के तहत त्रिलोक बंसल ने 6 अप्रैल को पुलिस अधीक्षक (एसपी) का कार्यभार ग्रहण कर लिया है।
पूर्व पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी, हैदराबाद में आयोजित 48वीं आईपीएस इंडक्शन ट्रेनिंग कोर्स में भाग लेने गए हैं। उनके स्थान पर बंसल को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
कार्यभार ग्रहण करने के तुरंत बाद एसपी बंसल ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जिले के वरिष्ठ अधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं अन्य अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
एसपी बंसल ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि— अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, अपराधियों के विरुद्ध सख्त और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, महिलाओं, बच्चों और कमजोर वर्गों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए, सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देकर जनता के साथ विश्वास मजबूत किया जाए, बीट सिस्टम, जनसंपर्क और क्षेत्र भ्रमण को नियमित बनाया जाए, अवैध गतिविधियों पर त्वरित और कड़ी कार्रवाई की जाए।
एसपी बंसल ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से निष्ठा और ईमानदारी के साथ कार्य करने की अपील की। साथ ही आम जनता से भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने और किसी भी सूचना या शिकायत के लिए पुलिस से संपर्क करने का आग्रह किया।


