कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल/फरसगांव, 8 अप्रैल। विश्व बंजारा दिवस के अवसर पर फरसगांव ब्लॉक में बंजारा समाज द्वारा सामाजिक सेवा और सांस्कृतिक एकता का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर समाज के लोगों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर मरीजों के बीच फल एवं शीतल पेय पदार्थ वितरित किए और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
कार्यक्रम की शुरुआत समाज की आराध्य देवी मेरामां याड़ी एवं धर्मगुरु संत श्री सेवालाल महाराज के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलन के साथ की गई। इसके पश्चात सभी सदस्य अस्पताल पहुंचे, जहां भर्ती मरीजों का हालचाल जाना गया और उन्हें फल वितरित किए गए।
ज्ञात हो कि विश्व बंजारा दिवस हर वर्ष 8 अप्रैल को मनाया जाता है। यह दिन बंजारा समुदाय की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं, भाषा और इतिहास के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रतीक है। यह दिवस वर्ष 1981 में जर्मनी में आयोजित रोमा, जिप्सी एवं बंजारा समाज की ऐतिहासिक बैठक की स्मृति में मनाया जाता है।
गर्व और प्रेरणा का दिन
इस अवसर पर समाज के वरिष्ठजनों ने कहा कि विश्व बंजारा दिवस उनके लिए गर्व और प्रेरणा का दिन है। यह दिवस अपनी संस्कृति, परंपरा और पहचान को संजोकर रखने का संदेश देता है। साथ ही समाज में एकता और जागरूकता बढ़ाकर अपने अधिकारों को मजबूत करने की प्रेरणा भी देता है।
कार्यक्रम में बंजारा समाज महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष ललित भारद्वाज, पूर्व जिला सलाहकार बसंत चौहान, फरसगांव ब्लॉक अध्यक्ष भुवनेश्वर भारद्वाज, जग्गू भारद्वाज, हीराबाई भारद्वाज, राजकुमार भारद्वाज, सुमित्रा भारद्वाज, कमल चौहान, भारत भारद्वाज, हेमराज भारद्वाज, अंजू भारद्वाज, सपना भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।


