कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 8 अप्रैल। जिले के धनोरा थाना क्षेत्र में रेप के एक मामले में पुलिस ने आरोपी को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पीडि़ता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में बताया गया कि उसकी पहचान आरोपी शिक्षक हिमांशु मेश्राम से पहले हुई थी। आरोप है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसे मिलने के लिए बुलाया और अपने किराये के मकान में ले जाकर उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए। बाद में विवाह से इंकार करने पर पीडि़ता ने शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर थाना धनोरा में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देशन में टीम गठित की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी अरुण कुमार नेताम के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी भुनेश्वर नाग के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार किया।
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।


