कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 8 अप्रैल। नगर पंचायत केशकाल में हाल ही में हुए राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष अमीन मेमन ने निर्दलीय जनादेश के मुद्दे को उठाते हुए इसे जनता के विश्वास से जुड़ा विषय बताया है।
मेमन ने आरोप लगाया कि नगर पंचायत अध्यक्ष बिहारी शोरी द्वारा भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने का निर्णय जनता की भावनाओं के विपरीत है। उनके अनुसार, केशकाल की जनता ने कांग्रेस और भाजपा दोनों प्रमुख दलों से अलग हटकर निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में शोरी को समर्थन दिया था, जो स्थानीय नेतृत्व पर विश्वास का प्रतीक था।
उन्होंने यह भी कहा कि उपाध्यक्ष चुनाव के दौरान ही कुछ निर्वाचित प्रतिनिधियों के भाजपा के पक्ष में मतदान से राजनीतिक समीकरण बदलने के संकेत मिल गए थे, और वर्तमान निर्णय उसी क्रम की अगली कड़ी है। मेमन ने अपने बयान में यह भी उल्लेख किया कि पिछले एक वर्ष का कार्यकाल अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतरा है। साथ ही, उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि भविष्य में जनप्रतिनिधियों का चयन करते समय सावधानी बरतें, क्योंकि निर्वाचित प्रतिनिधि सीधे तौर पर क्षेत्र के विकास और समस्याओं से जुड़े होते हैं। युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राजनीतिक निर्णय सोच-समझकर लेने चाहिए और प्रलोभन से बचना आवश्यक है। अंत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनहित और विकास के मुद्दों पर अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखेगी।


