कोण्डागांव
188वीं बटालियन सीआरपीएफ में कार्यक्रम आयोजित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोण्डागांव, 7 अप्रैल। सुकमा जिले के ताड़मेटला में वर्ष 2010 में हुए नक्सली हमले में शहीद हुए 76 वीर जवानों की स्मृति में सोमवार को 188वीं बटालियन सीआरपीएफ द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम चिकलपुट्टी स्थित सीआरपीएफ मुख्यालय के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर बने शहीद स्मारक पर संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत कमांडेंट भवेश चौधरी द्वारा शहीद स्मारक पर सलामी देकर की गई। इसके बाद उपस्थित अधिकारियों एवं जवानों ने दो मिनट का मौन रखकर देश की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सपूतों को नमन किया। इस दौरान शहीदों के अदम्य साहस, वीरता, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान को याद किया गया।
कमांडेंट भवेश चौधरी ने कहा कि 6 अप्रैल 2010 का दिन भारतीय सुरक्षा बलों के इतिहास में अत्यंत भावुक और महत्वपूर्ण है, जब सुकमा के ताड़मेटला क्षेत्र में नक्सलियों के कायराना हमले में 76 सीआरपीएफ जवान वीरगति को प्राप्त हुए थे। उन्होंने कहा कि इन वीर जवानों का बलिदान देश की सुरक्षा और शांति बनाए रखने में सदैव प्रेरणा देता रहेगा।
उन्होंने आगे कहा कि शहीद जवानों ने कठिन परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका साहस और समर्पण आने वाली पीढिय़ों को देश सेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने जवानों से शहीदों के आदर्शों पर चलते हुए अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की गई तथा जवानों ने एक स्वर में ‘शहीद अमर रहें’ के नारे लगाए। कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों एवं जवानों ने देश की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा बनाए रखने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में उपकमांडेंट कमल सिंह मीणा, सहायक कमांडेंट अमर सिंह मीणा सहित अन्य अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे और शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।


