कोण्डागांव

प्रांतीय महासभा में पेंशन के लिए पूर्व सेवा गणना की मांग उठी
06-Apr-2026 10:55 PM
प्रांतीय महासभा में पेंशन के लिए पूर्व सेवा गणना की मांग उठी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 6 अप्रैल। छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन द्वारा रायपुर में प्रांतीय महासभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रायपुर उत्तर विधानसभा के विधायक पुरंदर मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा ने की। महासभा में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारी और शिक्षक शामिल हुए।

महासभा में शिक्षकों ने पेंशन के लिए प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा अवधि की गणना किए जाने की मांग रखी। इस संबंध में प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्य अतिथि को मांग पत्र सौंपा।

मुख्य अतिथि ने शिक्षकों की मांगों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने तथा प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात कराने का आश्वासन दिया।

मांग पत्र में कहा गया कि वर्तमान में पेंशन के लिए सेवा अवधि की गणना संविलियन तिथि (1 जुलाई 2018) से की जा रही है, जिससे पूर्व में नियुक्त शिक्षक प्रभावित हो रहे हैं। शिक्षकों ने प्रथम नियुक्ति से सेवा गणना करने की मांग की।

इसके अलावा 33 वर्ष के स्थान पर 20 वर्ष की सेवा अवधि में पूर्ण पेंशन देने, सेवा अवधि 65 वर्ष तक करने, पदोन्नति, क्रमोन्नति/समयमान वेतनमान, तथा विभागीय टीईटी, डीएड और बीएड परीक्षा आयोजित करने की मांग भी रखी गई।

मांग पत्र में उच्च न्यायालय के निर्णयों का उल्लेख करते हुए पेंशन को ‘स्थगित पारिश्रमिक’ बताया गया और पूर्व सेवा को पेंशन योग्य मानने की बात कही गई।

महासभा में शिक्षामंत्री के उस बयान का स्वागत किया गया, जिसमें उन्होंने कहा है कि टीईटी के मुद्दे पर समाधान निकाला जाएगा और इस पर विचार किया जा रहा है।

डीएड/बीएड पर चर्चा

बैठक में डीएड या समकक्ष योग्यता रखने वाले शिक्षकों के लिए बीएड कोर्स शुरू करने तथा ओपन बोर्ड के माध्यम से पाठ्यक्रम संचालित करने पर भी चर्चा की गई।

कार्यक्रम में प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट