कोण्डागांव

समर्थकों के साथ नपं के निर्दलीय अध्यक्ष ने थामा भाजपा का दामन
06-Apr-2026 9:14 PM
समर्थकों के साथ नपं के निर्दलीय अध्यक्ष ने थामा भाजपा का दामन

विधायक नीलकंठ  और जिलाध्यक्ष सेवकराम ने किया स्वागत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

केशकाल, 6 अप्रैल। आज केशकाल नगर पंचायत के निर्दलीय अध्यक्ष बिहारी शोरी अपने 15 कार्यकर्ताओं के साथ भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। इस दौरान केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम और भाजपा जिलाध्यक्ष सेवकराम नेताम ने गमछा पहनाकर सभी का स्वागत किया।

गौरतलब है कि नगर पंचायत चुनाव के दौरान कांग्रेस के कुछ पार्षदों के समर्थन से बिहारी शोरी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरे थे और भाजपा व कांग्रेस दोनों को हराकर अध्यक्ष बने थे। लेकिन नगर में विकास कार्यों की कमी और आपसी तालमेल में खटास के चलते उन्होंने अब भाजपा का दामन थाम लिया है।

सरपंच से अध्यक्ष तक का सफर, हर बार निर्दलीय जीत से बनाई अलग पहचान

केशकाल नगर पंचायत के अध्यक्ष बिहारी शोरी का राजनीतिक सफर काफी दिलचस्प और मजबूत रहा है। वे लंबे समय से क्षेत्र की राजनीति में सक्रिय रहे हैं और जनता के बीच अपनी अलग पहचान बना चुके हैं। बिहारी शोरी इससे पहले भी पूरी तरह निर्दलीय राजनीति करते रहे हैं। वे सरपंच पद पर रह चुके हैं, साथ ही तीन बार पार्षद के रूप में भी जनता का विश्वास जीत चुके हैं। इसके अलावा वे नगर पंचायत के उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।

खास बात यह है कि उन्होंने हर बार बिना किसी राजनीतिक दल के समर्थन के निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। यही वजह है कि उन्हें क्षेत्र में एक मजबूत और स्वतंत्र जनाधार वाले नेता के रूप में देखा जाता है। अब उनका भारतीय जनता पार्टी में शामिल होना न सिर्फ उनकी राजनीतिक दिशा में बड़ा बदलाव माना जा रहा है, बल्कि केशकाल नगर की राजनीति में भी इसके दूरगामी असर देखने को मिल सकते हैं।

विधायक नीलकंठ टेकाम का कहना है कि  आज केशकाल नगर पंचायत के अध्यक्ष बिहारी शोरी जी अपने साथियों के साथ भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए हैं। हम उनका दिल से स्वागत करते हैं। भाजपा हमेशा विकास और जनसेवा की राजनीति करती है, और हमें विश्वास है कि इनके जुडऩे से केशकाल नगर के विकास को नई गति मिलेगी।

भाजपा जिलाध्यक्ष सेवकराम नेताम का कहना है कि बिहारी शोरी जी का भाजपा में आना पार्टी के लिए बड़ी मजबूती है। उन्होंने नगर के हित में यह फैसला लिया है। भाजपा परिवार लगातार बढ़ रहा है और आने वाले समय में इसका सकारात्मक असर नगर की राजनीति और विकास पर साफ दिखाई देगा।

नगर पंचायत अध्यक्ष बिहारी शोरी ने कहा- मैंने हमेशा केशकाल नगर के विकास को प्राथमिकता दी है। लेकिन कुछ समय से विकास कार्यों में रुकावट और आपसी तालमेल की कमी महसूस हो रही थी। इसलिए मैंने अपने साथियों के साथ भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया है, ताकि नगर के विकास को तेज़ी से आगे बढ़ाया जा सके और जनता की उम्मीदों पर खरा उतर सकूं।


अन्य पोस्ट