कोण्डागांव

लंजोड़ा बाजार में मधुमक्खियों का हमला, मानसिक बीमार बालक गंभीर
05-Apr-2026 11:08 PM
लंजोड़ा बाजार में मधुमक्खियों का हमला, मानसिक बीमार बालक गंभीर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 5 अप्रैल। सिटी कोतवाली अंतर्गत ग्राम पंचायत लंजोड़ा में शनिवार को आयोजित साप्ताहिक बाजार के दौरान अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। इस घटना से बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। हमले में कई लोग मधुमक्खियों के डंक से प्रभावित हुए।

इसी दौरान 14 वर्षीय बालक बसंत कुर्रे पिता बलवीर कुर्रे सैकड़ों मधुमक्खियों के डंक का शिकार हो गया। उसके चेहरे पर मधुमक्खियों ने बुरी तरह काट लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद परिजनों ने उसे निजी वाहन से जिला अस्पताल कोण्डागांव पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।

परिजनों के अनुसार बालक बचपन से मानसिक रूप से अस्वस्थ है, जिसके कारण वह हमले से खुद को नहीं बचा पाया और गंभीर रूप से जख्मी हो गया। फिलहाल बालक की स्थिति नाजुक बनी हुई है।

चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे हायर सेंटर रेफर करने की तैयारी की जा रही है।


अन्य पोस्ट