कोण्डागांव

अंडर ट्रायल रिव्यू कमेटी- नेशनल लोक अदालत पर बैठक
04-Apr-2026 11:13 PM
अंडर ट्रायल रिव्यू कमेटी- नेशनल लोक अदालत पर बैठक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 4 अप्रैल। जिला मुख्यालय स्थित न्यास सदन भवन में अंडर ट्रायल रिव्यू कमेटी, मॉनिटरिंग सेल, हिट एंड रन मामलों तथा आगामी नेशनल लोक अदालत से संबंधित बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष खिलावन राम रीगरी ने की।

बैठक में कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना, पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश विक्रम प्रताप चंद्रा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रेशमा बैरागी पटेल, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव गायत्री साय, अपर कलेक्टर चार्ली ठाकुर सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में ऐसे विचाराधीन बंदियों के मामलों की समीक्षा की गई, जो लंबे समय से जेल में हैं, या जिनकी जमानत हो चुकी है लेकिन शर्तें पूरी नहीं कर पा रहे हैं। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि पात्र मामलों में विधि अनुसार आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

9 मई 2026 को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत के संबंध में राजस्व प्रकरणों को अधिक संख्या में प्रस्तुत कर उनके निराकरण के निर्देश दिए गए। साथ ही पुलिस विभाग को ट्रैफिक चालानों को भी लोक अदालत में रखने के लिए कहा गया।

बैठक में नए जिला एवं सत्र न्यायालय भवन के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई। न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों के निर्माणाधीन आवासों के संबंध में भी चर्चा हुई।

अज्ञात वाहनों से होने वाली सडक़ दुर्घटनाओं में मृतक एवं घायलों के लिए क्षतिपूर्ति प्रक्रिया पर चर्चा की गई। संबंधित विभागों को आवश्यक दस्तावेज तैयार कर एसडीएम के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बनाकर कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया गया।


अन्य पोस्ट