कोण्डागांव

अचानक बारिश से मौसम में बदलाव, फसलों पर मिला-जुला असर
02-Apr-2026 10:14 PM
अचानक बारिश से मौसम में बदलाव, फसलों पर मिला-जुला असर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 2 अप्रैल। जिला मुख्यालय कोण्डागांव में गुरुवार को सुबह से मौसम साफ और गर्म बना रहा, जिससे लोगों को तेज गर्मी का सामना करना पड़ा। हालांकि शाम लगभग 4 बजे अचानक मौसम बदला और हल्की से मध्यम बारिश शुरू हो गई। इस बारिश से जहां आमजन को गर्मी से राहत मिली, वहीं किसानों के लिए यह राहत के साथ चिंता भी लेकर आई।

क्षेत्र के किसानों द्वारा इस समय मुख्यत: मक्का, धान और हरी सब्जियों की खेती की जाती है। अचानक हुई बारिश का इन फसलों पर मिला-जुला असर देखने को मिल सकता है। जानकारों के अनुसार, मक्का और सब्जी की फसलों के लिए यह बारिश नमी प्रदान कर लाभदायक साबित हो सकती है, जिससे पौधों की वृद्धि में सुधार होगा।

वहीं दूसरी ओर, यदि बारिश अधिक समय तक या तेज गति से जारी रहती है तो खेतों में जलभराव की स्थिति बन सकती है, जिससे फसलों को नुकसान होने की आशंका भी रहती है। विशेषकर हरी सब्जियों में सडऩ और कीट प्रकोप बढऩे की संभावना रहती है।

 किसानों ने बताया कि वर्तमान बारिश से तत्काल राहत तो मिली है, लेकिन आगे मौसम की स्थिति पर नजर बनाए रखना जरूरी होगा। कुल मिलाकर, इस असमय बारिश ने गर्मी से राहत जरूर दी है, लेकिन कृषि क्षेत्र के लिए इसके प्रभाव को लेकर सतर्कता भी आवश्यक हो गई है।


अन्य पोस्ट