कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल/फरसगांव, 2 अप्रैल। कोंडागांव जिले के फरसगांव ब्लॉक के ग्राम पंचायत बांगोली में दो परिवारों के 6 सदस्यों ने अपने मूल धर्म में लौटने का निर्णय लिया।
जानकारी के अनुसार, ये परिवार पूर्व में धर्म परिवर्तन कर ईसाई धर्म में शामिल हुए थे। मंगलवार को आयोजित एक सामाजिक बैठक में उन्होंने सार्वजनिक रूप से अपने मूल धर्म में लौटने की घोषणा की। इसके बाद गांव में पारंपरिक विधि-विधान के साथ उनकी वापसी की प्रक्रिया संपन्न कराई गई।
ग्रामीणों के अनुसार, पूर्व में इन परिवारों ने इलाज और अन्य कारणों से धर्म परिवर्तन किया था। बाद में परिवारों ने अपनी इच्छा से मूल समाज में लौटने का निर्णय लिया।
ग्राम सरपंच हीरासिंग ने बताया कि गांव में यह प्रक्रिया सामाजिक सहमति से की गई। कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक रीति के अनुसार जल छिडक़ाव और नारियल भेंट कर स्वागत किया गया। पहले परिवार में पति-पत्नी ने लगभग तीन वर्ष पूर्व धर्म परिवर्तन किया था। दूसरे परिवार में मां और उनके तीन संतान ने लगभग एक वर्ष पूर्व धर्म परिवर्तन किया था।
एक व्यक्ति ने बताया कि बीमारी के कारण उन्होंने पहले धर्म परिवर्तन किया था, लेकिन अब वे अपने मूल धर्म में लौट आए हैं।


