कोण्डागांव

मक्का प्रोसेसिंग प्लांट से संबंधित समस्याओं के समाधान और पुन: संचालन की मांग, ज्ञापन सौंपा
01-Apr-2026 10:49 PM
मक्का प्रोसेसिंग प्लांट से संबंधित समस्याओं के समाधान और पुन: संचालन की मांग, ज्ञापन सौंपा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 1 अप्रैल। कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (सीपीआई) जिला परिषद कोण्डागांव द्वारा राज्यपाल और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डिप्टी कलेक्टर कोण्डागांव को सौंपा गया।

ज्ञापन में ग्राम कोकोड़ी स्थित ‘मां दंतेश्वरी मक्का प्रोसेसिंग प्लांट’ से संबंधित समस्याओं के समाधान तथा बंद प्लांट को पुन: प्रारंभ करने की मांग की गई है। इसमें उल्लेख किया गया है कि विभिन्न समस्याओं के कारण प्लांट वर्तमान में बंद है।

ज्ञापन के अनुसार, प्लांट से निकलने वाले अपशिष्ट जल से आसपास के खेतों में फसलों के प्रभावित होने, राख, धुआं और दुर्गंध से पर्यावरण प्रभावित होने तथा ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर असर पडऩे की शिकायतें की गई हैं। इन शिकायतों के बाद विरोध प्रदर्शन और तोडफ़ोड़ की घटनाएं हुईं, जिसके बाद प्रशासन द्वारा प्लांट को अगले आदेश तक बंद करने के निर्देश दिए गए।

सीपीआई ने ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया है कि प्लांट की स्थापना के समय किसानों को मक्का की उचित मूल्य पर खरीदी का आश्वासन दिया गया था, लेकिन वर्तमान में नियमित और उचित दर पर खरीदी की व्यवस्था नहीं हो पाई है।

ज्ञापन में निम्न मांगें रखी गई हैं- 1. ग्रामीणों की शिकायतों की स्वतंत्र जांच कराकर प्रदूषण और फसल नुकसान से संबंधित तथ्य सार्वजनिक किए जाएं। 2. प्लांट के संचालन को पर्यावरणीय और तकनीकी मानकों के अनुरूप सुरक्षित बनाया जाए। 3. किसानों की मक्का की नियमित, पारदर्शी और उचित दर पर खरीदी सुनिश्चित की जाए। 4. ग्रामीणों के साथ संवाद कर शिकायतों पर निर्णय लिया जाए।

ज्ञापन सौंपते समय सीपीआई जिला परिषद कोण्डागांव के पदाधिकारी शैलेश (जिला सचिव), जयप्रकाश, दिनेश (सह सचिव) तथा अन्य सदस्य उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट