कोण्डागांव
कोण्डागांव, 31 मार्च। महावीर जयंती के अवसर पर मंगलवार को जैन ओसवाल समाज द्वारा जिला मुख्यालय कोण्डागांव में भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
ओसवाल भवन कोण्डागांव से शोभा यात्रा की शुरुआत हुई, जो मुख्य मार्गों से होते हुए सरगीपाल, तहसीलपारा, अस्पताल वार्ड, विकास नगर आदि क्षेत्रों का भ्रमण कर पुन: ओसवाल भवन पहुंची। शोभा यात्रा में समाज के बच्चे, महिलाएं, युवा एवं बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस दौरान भगवान महावीर के उपदेशों का स्मरण किया गया और श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से सहभागिता निभाई।
यात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए आगे बढ़ी, जहां जगह-जगह नागरिकों द्वारा स्वागत किया गया। इस अवसर पर समाजजनों ने भगवान महावीर के संदेश अहिंसा, सत्य और शांति को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। इसी क्रम में भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ नगरपालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, नगरपालिका उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी ने शोभायात्रा में शामिल जैन समाज के श्रद्धालुओं को पानी एवं मिष्ठान का वितरण किया गया। साथ ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने भगवान महावीर का आशीर्वाद लिया। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज जैन, दीपेश अरोरा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
वहीं, कांग्रेस पार्टी की ओर से भी शोभायात्रा का स्वागत किया गया। हनुमान मंदिर कांग्रेस भवन के सामने श्रद्धालुओं के लिए शीतल पेय का वितरण किया गया। इस दौरान पूर्व मंत्री मोहन मरकाम सहित कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


