कोण्डागांव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कोंडागांव, 30 मार्च। जिला मुख्यालय कोंडागांव के नेशनल हाईवे-30 पर गुण्डाधुर कॉलेज के सामने शनिवार की शाम दो बाइकों के बीच जोरदार टक्कर हो गई थी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद और जिला अस्पताल की एम्बुलेंस से घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया था।
घटना के बाद दोनों युवकों की हालत नाजुक बनी हुई थी। चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद एक घायल युवक को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में कांकेर के पास उसने दम तोड़ दिया।
रविवार दोपहर 12 बजे मिली जानकारी अनुसार मृतक युवक की पहचान राहुल के रूप में हुई है, जो कोंडागांव नगर में रांची गैरेज में कार मैकेनिक के तौर पर कार्यरत था। बताया जा रहा है कि वह मूल रूप से कांकेर जिले के पखांजूर का निवासी था। वहीं दूसरे घायल युवक का इलाज जारी है।


