कोण्डागांव

केशकाल घाटी में जाम के दौरान नियम तोड़ा, 13 चालकों पर जुर्माना
30-Mar-2026 10:28 PM
केशकाल घाटी में जाम के दौरान नियम तोड़ा, 13 चालकों पर जुर्माना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 30 मार्च। केशकाल घाटी में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और जाम की समस्या से निपटने के लिए केशकाल पुलिस ने एक सख्त कदम उठाया है। घाटी में जाम के दौरान जल्दबाजी करते हुए गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से ओवरटेक करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने चालानी कार्रवाई की है, ताकि यातायात बाधित न हो।

कोंडागांव के पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा  के सख्त निर्देशों के बाद, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा और केशकाल अनुविभागीय अधिकारी अरुण कुमार नेताम के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया गया। थाना केशकाल पुलिस ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए नियम तोडऩे वाले 13 वाहन चालकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया। इन चालकों से कुल 10,800 रुपये का समन शुल्क (जुर्माना) वसूला गया है।

पुलिस की आम जनता से अपील और चेतावनी

इस कार्रवाई के माध्यम से केशकाल पुलिस ने सभी वाहन चालकों से एक जि़म्मेदार नागरिक बनने की अपील की है।

धैर्य रखें: जाम की स्थिति में अपनी ही लेन में रहें और रॉन्ग साइड में वाहन ले जाकर खड़ा न करें।

कड़ी कार्रवाई की चेतावनी: पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि भविष्य में भी कोई चालक इस तरह नियमों का उल्लंघन करते और जाम की स्थिति को बढ़ाते हुए पाया गया, तो उसके विरुद्ध और भी कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

निर्देशों का पालन करें: घाटी में यातायात सुचारू रखने के लिए तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों के निर्देशों का कड़ाई से पालन करें। आपका सहयोग ही जाम की समस्या का स्थायी समाधान है।


अन्य पोस्ट