कोण्डागांव

कलेपाल गांव को मिली पक्की सडक़
29-Mar-2026 10:56 PM
 कलेपाल गांव को मिली पक्की सडक़

विधायक टेकाम ने किया भूमिपूजन, ग्रामीणों में खुशी की लहर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

केशकाल, 29 मार्च। आजादी के बाद पहली बार केशकाल विकासखंड के सुदूरवर्ती ग्राम कलेपाल को डामरीकृत सडक़ की सौगात मिली है। प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के तहत कलेपाल से पराली तक लगभग 1.95 किलोमीटर लंबी सडक़ का निर्माण किया जाएगा। इस सडक़ निर्माण कार्य का भूमिपूजन रविवार को केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम के हाथों संपन्न हुआ।

इन दो दिनों में करीब 35 करोड़ रुपये की लागत से क्षेत्र में लगभग 32 किलोमीटर सडक़ों के निर्माण कार्यों का भी शुभारंभ किया गया है, जिससे पूरे इलाके में खुशी का माहौल है।

विधायक नीलकंठ टेकाम ने कहा कि कलेपाल सहित आसपास के गांवों के लोग लंबे समय से सडक़ की मांग कर रहे थे। उन्होंने बताया कि बस्तर क्षेत्र में नक्सलवाद के कमजोर पडऩे के बाद अब विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर क्षेत्र में विकास की नई दिशा तय कर रही हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि केशकाल विधानसभा के दूरस्थ गांवों को सडक़ नेटवर्क से जोडऩा उनकी प्राथमिकता है, ताकि ग्रामीणों को ब्लॉक और जिला मुख्यालय तक पहुंचने में आसानी हो और शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली-पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं गांव तक पहुंच सकें। और हमने चुनाव के समय वादा किया था कि आपके गांव में सडक़ का निर्माण होगा जो आज पूरा हो रहा है साथ ही अंदरूनी क्षेत्रों में सडक़ों की जाल बुन रहे हैं ।

गांव के एक युवक ने बताया कि सडक़ नहीं होने के कारण उसने दसवीं के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी, क्योंकि समय पर शहर पहुंच पाना संभव नहीं था। अब सडक़ बनने से गांव के युवाओं को आगे की पढ़ाई और रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकेंगे। यह सडक़ कांकेर, कोंडागांव और नारायणपुर जैसे जिलों तक पहुंच को भी आसान बनाएगी।

 ग्रामीणों में खुशी और उम्मीद

ग्रामीणों ने इस सौगात के लिए विधायक नीलकंठ टेकाम का आभार जताया है। पक्की सडक़ से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र में विकास की रफ्तार भी तेज होगी। इस दौरान स्थानीय सरपंच जिला पंचायत सदस्य जनपद सदस्य भाजपा के पदाधिकारी गण सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे ।


अन्य पोस्ट