कोण्डागांव

युवती पर जानलेवा हमला, आरोपी धमतरी से गिरफ्तार
29-Mar-2026 10:55 PM
युवती पर जानलेवा हमला, आरोपी धमतरी से गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

केशकाल, 29 मार्च। केशकाल थाना क्षेत्र में एक युवती पर चाकू से प्राणघातक हमला करने के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है। आरोपी की पहचान लकी सिंह उर्फ उरवानुष भेलवा (निवासी सोरिद डिपोपारा, जिला धमतरी) के रूप में हुई है।

थाना प्रभारी उप. निरी. गुलाब टंडन से प्राप्त जानकारी के अनुसार 26 मार्च की देर शाम पुलिस को सूचना मिली कि चाकू से घायल एक युवती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केशकाल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और घायल युवती से पूछताछ की।

पीडि़ता ने बताया कि वह पहले आरोपी लकी से बातचीत करती थी, लेकिन परिजनों के मना करने पर उसने उससे संपर्क बंद कर दिया था। घटना की रात करीब 9.30 बजे जब वह काम कर घर लौट रही थी, तभी आरोपी ने अचानक रास्ता रोक लिया और बातचीत बंद करने को लेकर नाराजगी जताते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी ने अपने पास रखे चाकू से युवती के सीने पर हमला कर दिया। बचाव के दौरान चाकू उसके बाएं हाथ और जांघ पर लगा। घायल अवस्था में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। घटना के बाद से आरोपी फरार था, जिसकी तलाश के लिए थाना केशकाल पुलिस एवं साइबर टीम द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे थे। पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा एवं एसडीओपी अरुण कुमार नेताम के मार्गदर्शन में टीम ने आरोपी को धमतरी से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद 29 मार्च को उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।


अन्य पोस्ट